पंचकूला , अगस्त 04 -- हरियाणा पुलिस ने करनाल जिले में पुरानी रंजिश के चलते हुई सनसनीखेज फायरिंग की वारदात का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई एक कार भी बरामद की गई है। हरियाणा पुलिस के प्रवक्ता ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, पुलिस अधीक्षक करनाल के निर्देश पर गंभीर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन ट्रैक डाउन के तहत सीआईए असंध की टीम ने गुप्त सूचना, तकनीकी साक्ष्यों और लगातार की गई छापेमारी के आधार पर इस मामले का खुलासा किया। टीम ने असंध की नई अनाज मंडी क्षेत्र में दबिश देकर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमृत विर्क, अमृतपाल सिंह उर्फ हैप्पी, गुरविंद्र सिंह उर्फ गुलाब सिंह, हरमनदीप सिंह उर्फ हमु तथा मंदीप सिंह बाजवा के रूप में हुई है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई क्रेटा कार भी बरामद कर ली है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि इस संबंध में 31 जुलाई को असंध थाना में हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। शिकायत के अनुसार, 30 जुलाई की रात वह अपने एक साथी के साथ स्कॉर्पियो गाड़ी से असंध से करनाल लौट रहा था। इसी दौरान कई वाहनों में सवार आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते उसका पीछा किया, रास्ता रोककर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।

फायरिंग के दौरान गोलियां स्कॉर्पियो के फेंडर और पिछले टायर पर लगीं, जिससे टायर फट गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

हरियाणा पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सीआईए असंध की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और खुफिया सूचना के आधार पर लगातार कार्रवाई करते हुए पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि वारदात में इस्तेमाल हथियारों की बरामदगी, घटना में प्रयुक्त अन्य वाहनों की पहचान तथा फरार आरोपियों के बारे में गहन पूछताछ की जा सके। मामले की जांच जारी है और शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित