उज्जैन , जुलाई 19 -- मध्यप्रदेश में उज्जैन शहर के नीलगंगा थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर शनिवार देर रात हुए खूनी संघर्ष में दो भाइयों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस के अनुसार जूना अखाड़ा चौराहे पर गोरकर और पासी परिवार के बीच पुराने विवाद को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें लाठी-डंडों, तलवारों, पत्थरों के साथ फायरिंग भी हुई।
फायरिंग में लोकेश गोरकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनकी उपचार के दौरान शनिवार रात मृत्यु हो गई। वहीं उनके भाई जय गोरकर ने रविवार सुबह अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना में तपन गोरकर और दिलीप गोरकर गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका उपचार जारी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों परिवारों के बीच होली के दौरान एक महिला को लेकर विवाद हुआ था। उस समय पुलिस ने मामला शांत करा दिया था, लेकिन दोनों पक्षों के बीच रंजिश बनी रही, जिसने शनिवार रात हिंसक संघर्ष का रूप ले लिया।
घटना के बाद जूना अखाड़ा क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित