अलवर , जुलाई 15 -- राजस्थान में अलवर जिले के लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र में चिमरावली गौड़ गांव में पुरानी रंजिश को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष में 10 से अधिक लोग घायल हो गये हैं।

बुधवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार 10 घायलों को मंगलवार रात में अलवर के राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय में भेजा गया जहां उनका उपचार किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस और चिकित्सा विभाग का दल मौके पर पहुंचा और घायलों का उपचार शुरू कराया।

एक घायल ने बताया कि दोनों पक्ष एक ही परिवार के हैं और पहले भी उनके बीच विवाद हो चुका था, जिसके बाद समझौता कर लिया गया था। हालांकि दोनों परिवारों के बीच बातचीत बंद थी। कल शाम दूसरे पक्ष के एक सदस्य ने रास्ते में गाली-गलौज की। इसके बाद दूसरे पक्ष के लोग लाठी-डंडे और टांचियां लेकर आये और उन्होंने हमला कर दिया।

इस हिंसक संघर्ष में एक पक्ष के राज मेहरा, उसकी मां राजवती, पिता बृजमोहन, चाचा शिवलाल और अजय घायल हुए, जबकि दूसरे पक्ष के प्रेमचंद, बने सिंह, प्यारेलाल, अजीत, योगेश, मीना और रीना सहित कई लोग घायल हो गए। सभी घायलों को पहले लक्ष्मणगढ़ अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल लोगों को अलवर के राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।

पुलिस घटना की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित