अलवर , जून 21 -- राजस्थान में अलवर जिले में आयोजित नीट-यूटी परीक्षा के दौरान एक छात्रा की बड़ी गलती समय रहते पकड़ में आ गयी, जिससे वह परीक्षा में वंचित होने से बच गयी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार एक छात्रा परीक्षार्थी पुराने प्रवेश पत्र के साथ परीक्षा देने पहुंच गयी, लेकिन दस्तावेजों की गहन जांच के दौरान मामला सामने आ गया। बाद में स्कूल प्रशासन की तत्परता से छात्रा को उसके वास्तविक परीक्षा केंद्र राजगढ़ भेजा गया।

अलवर जिले के 27 परीक्षा केंद्रों पर रविवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षार्थियों का प्रवेश कराया गया। प्रवेश द्वार पर पहचान पत्र, प्रवेश पत्र और अन्य दस्तावेजों की बारीकी से जांच की गयी। इसी दौरान अलवर के राजकीय नवीन उच्च माध्यमिक विद्यालय केंद्र पर एक छात्रा रवीना परीक्षा देने पहुंची। जांच में पता चला कि वह तीन मई को आयोजित पिछली परीक्षा का प्रवेश पत्र लेकर आयी थी।

स्कूल प्रशासन के अनुसार रवीना का पिछली परीक्षा में यही केंद्र था, लेकिन इस बार उसका परीक्षा केंद्र राजगढ़ निर्धारित किया गया था। जब प्रवेश कार्ड और रोल नंबर का मिलान किया गया, तो पता चला कि उस रोल नंबर पर किसी अन्य छात्रा का नाम दर्ज है। इसके बाद ऑनलाइन रिकॉर्ड की जांच की गयी, जिसमें रवीना का वास्तविक परीक्षा केंद्र राजगढ़ मिला।

सहायक केंद्र अधीक्षक महेंद्र चौहान ने बताया कि छात्रा गलती से पुराने प्रवेश पत्र के आधार पर यहां पहुंच गयी थी। इस बार उसका रोल नंबर और परीक्षा केंद्र दोनों बदल चुके थे। छात्रा के परिजन भी वहां से जा चुके थे। ऐसे में स्कूल प्रबंधन ने मानवीय संवेदना दिखाते हुए तत्काल वाहन की व्यवस्था कर छात्रा को राजगढ़ स्थित परीक्षा केंद्र के लिए रवाना किया।

इससे पहले परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले परीक्षार्थियों की सघन जांच की गयी। कलाई पर बंधे धागे तक खुलवाये गये, नोज पिन हटवायी गयी और कई स्थानों पर शर्ट की लंबी बाजुओं को भी नियमानुसार कटवाया गया। पुलिस बल, केंद्र प्रबंधन और प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में पूरी प्रक्रिया संपन्न करायी गयी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित