भरतपुर , अक्टूबर 24 -- राजस्थान में भरतपुर के बयाना क्षेत्र में गत दो सत्रों से शिक्षा का अधिकार (आरटीई) पुनर्भरण राशि का भुगतान नहीं होने से आक्रोशित निजी स्कूल संचालकों ने शनिवार को आंदोलन का ऐलान कर दिया।

स्कूल संचालकों ने इस अवसर पर कहा कि सोमवार से निजी स्कूलों में आरटीई योजना के तहत अध्ययनरत बच्चों की पढ़ाई बंद की जाएगी। मंगलवार को स्कूल संचालक आरटीई के बच्चों के साथ रैली निकालकर उपखंड अधिकारी कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन करेंगे। 10 दिन में पुनर्भरण राशि का भुगतान नहीं हुआ तो वे बच्चों से फीस लेने को मजबूर होंगे।

निजी स्कूल संचालकों के अनुसार मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का गृह जिला होने के बावजूद शैक्षणिक सत्र 2024-25 और 2025-26 की आरटीई पुनर्भरण राशि का भुगतान पूरे राज्य में केवल भरतपुर जिले में अटका हुआ है।

संचालकों ने बताया कि लंबे समय से राशि नहीं मिलने के कारण स्कूलों की आर्थिक स्थिति बिगड़ रही है। स्टाफ का वेतन देने और स्कूलों के नियमित खर्च पूरे करने में भी परेशानी हो रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित