पटना , सितंबर 8 -- बिहार में पुनपुन और दरधा नदियों के जलस्तर में मंगलवार की शाम तक मामूली गिरावट अथवा स्थिरता का रुख रहा, लेकिन कई स्थानों पर पानी चेतावनी स्तर से ऊपर बना हुआ है।
पटना जिले में दोनों नदियों के ऊंचे जलस्तर को देखते हुए तटवर्ती और निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा अभी टला नहीं है।
जल संसाधन विभाग के बाढ़ प्रबंधन सुधार सहायता केंद्र की ओर से जारी आज के आठ घंटे के जलस्तर आंकड़ों के अनुसार पुनपुन नदी फतेहपुर में 51.56 मीटर पर बह रही है। यहां खतरे का निशान 51.40 मीटर और चेतावनी स्तर 50.40 मीटर निर्धारित है। इस तरह नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 16 सेंटीमीटर ऊपर है। हालांकि दोपहर एक बजे 51.58 मीटर रहा पानी शाम तक घटकर 51.56 मीटर पर आ गया।
पुनपुन नदी के श्रीपालपुर में पानी का स्तर लगातार घट रहा है। यहां दोपहर एक बजे 53.51 मीटर दर्ज किया गया था, जो शाम आठ बजे घटकर 53.43 मीटर रह गया। इस स्थान पर खतरे का निशान 56.70 मीटर और चेतावनी स्तर 55.70 मीटर है। इस लिहाज से यहां नदी का जलस्तर फिलहाल दोनों निर्धारित स्तरों से नीचे है।
दरधा नदी के मसौढ़ी में जलस्तर 55.24 मीटर दर्ज किया गया। यहां खतरे का निशान 55.48 मीटर और चेतावनी स्तर 54.48 मीटर है। नदी का पानी चेतावनी स्तर से 76 सेंटीमीटर ऊपर, लेकिन खतरे के निशान से 24 सेंटीमीटर नीचे है। दोपहर से शाम तक जलस्तर लगभग स्थिर रहने के बाद मामूली गिरावट दर्ज की गयी।
दरधा नदी के कोल्हाचक में भी पानी का स्तर 55.24 मीटर के आसपास बना हुआ है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार यहां भी नदी का पानी चेतावनी स्तर से ऊपर, लेकिन खतरे के निशान से नीचे है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित