अलवर , अगस्त 05 -- राजस्थान में अलवर के सदर थाना क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में मंगलवार की रात आठ बजे प्रसव के बाद एक 24 वर्षीय महिला की मौत हो जाने से हड़कंप मच गया। महिला ने सामान्य प्रसव से एक स्वस्थ पुत्र को जन्म दिया था, लेकिन डिलीवरी के करीब एक घंटे बाद अत्यधिक रक्तस्राव होने से उसकी हालत बिगड़ गयी। गंभीर अवस्था में उसे राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतका की पहचान पिंकी बानो (24) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार पिंकी बानो को प्रसव के लिए कटोरी वाला तिराहा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। प्रसव सामान्य रहा और उसने एक स्वस्थ पुत्र को जन्म दिया। नवजात पूरी तरह स्वस्थ बताया जा रहा है।

घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। शव अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है, जहां बुधवार को पोस्टमार्टम कराया गया। नवजात शिशु फिलहाल उसी निजी अस्पताल में चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित