कीव , सितंबर 06 -- अमेरिका के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जैरेड कुशनर यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के साथ वार्ता के लिए रविवार को कीव पहुंचे।
दोनों रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ मॉस्को में तीन घंटे की बैठक के बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति के साथ बातचीत करेंगे।
बैठक से पहले श्री जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन "सार्थक बातचीत" के लिए तैयार है। उन्होंने किसी भी शांति समझौते में सुरक्षा गारंटी को शामिल करने की जरूरत पर जोर दिया। ऐसे में कीव में होने वाली बातचीत से यह शुरुआती संकेत मिल सकता है कि ट्रंप प्रशासन क्षेत्र, सुरक्षा गारंटी और युद्धविराम की शर्तों को लेकर रूस और यूक्रेन के बीच गंभीर मतभेदों को कितना दूर कर सकता है।
यह यात्रा रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के लिए अमेरिका के नये सिरे से किये जा रहे कूटनीतिक प्रयासों का हिस्सा है। श्री ट्रंप के दोबारा राष्ट्रपति पद संभालने के बाद दोनों अमेरिकी दूतों की कीव की यह पहली यात्रा है।
अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को क्रेमलिन में पुतिन से मुलाकात की और बाद में रूसी राष्ट्रपति के साथ रात्रिभोज भी किया। क्रेमलिन के सहयोगी यूरी उशाकोव ने बातचीत को उपयोगी बताया और कहा कि अमेरिकी प्रतिनिधियों ने संभावित समझौते के लिए कई विचार पेश किये।
बैठक के बाद श्री उशाकोव ने कहा, "हमारे अमेरिकी सहयोगियों ने इस यात्रा के लिए गंभीर तैयारी की थी" और उन्होंने "समझौते के संभावित रास्तों के संबंध में कई विचार भी तैयार किए थे।" हालांकि, उन्होंने इन विचारों का विवरण नहीं दिया।
मॉस्को में बैठक की शुरुआत में श्री पुतिन ने श्री कुशनर और श्री विटकॉफ से श्री ट्रंप को अपनी शुभकामनाएं और आभार पहुंचाने को कहा। उन्होंने यूक्रेन की स्थिति पर कहा कि यह "सरल नहीं" है।
श्री पुतिन ने कहा, "आज जिस स्थिति पर हमें काम करना है, वह निश्चित रूप से सरल नहीं है। लेकिन इससे पहले कि हम ऐसा करना शुरू करें, मैं आपसे अमेरिका के राष्ट्रपति श्री ट्रंप तक मेरी हार्दिक शुभकामनाएं और आभार पहुंचाने का अनुरोध करना चाहता हूं।"श्री विटकॉफ ने भी श्री पुतिन के प्रति गर्मजोशी भरा रुख दिखाया। उन्होंने कहा, "जब हम सेवानिवृत्त होंगे, तो हमारे पास ये सभी अविश्वसनीय कहानियां और यादें होंगी और आपकी कहानी उन सभी में सबसे ऊपर होगी।"व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने कहा कि बातचीत में "अगले कदमों के लिए ठोस योजनाओं" पर चर्चा हुई, जिनकी घोषणा आने वाले सप्ताहों में किये जाने की उम्मीद है। इस कूटनीतिक प्रयास के बीच दोनों राजधानियों पर हमलों में अस्थायी रोक भी लगी है।
श्री जेलेंस्की ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "शनिवार के अंत से लेकर रविवार और सोमवार तक यूक्रेन मॉस्को पर हमले से परहेज करने के लिए तैयार है और हम उम्मीद करते हैं कि रूसी भी कीव के संबंध में ऐसा ही करेंगे।"यह रोक हालांकि यूक्रेन में जारी रूसी हमलों की पृष्ठभूमि में लगी है। हाल में रूसी मिसाइलों ने कीव के पास दो हवाई अड्डों को निशाना बनाया था, जबकि शुक्रवार को रूसी ड्रोन हमले में मध्य कीव स्थित यूक्रेन की सुरक्षा सेवा के मुख्यालय को निशाना बनाया गया।
श्री जेलेंस्की ने चेतावनी दी है कि वायु रक्षा के लिए मिसाइल रोधी हथियारों की कमी के कारण यूक्रेन बैलिस्टिक मिसाइल हमलों के प्रति विशेष रूप से संवेदनशील हो गया है। श्री ट्रंप ने श्री विटकॉफ और श्री कुशनर को "बेहतरीन वार्ताकार" बताते हुए कहा है कि वे "शांति का विचार" लेकर जा रहे हैं। इससे उन्होंने समझौता होने की संभावना के संकेत दिये हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित