मॉस्को , अक्टूबर 20 -- रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन संघर्ष पर चर्चा करने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ एक त्रिपक्षीय शिखर बैठक का प्रस्ताव रखा है।

'वॉल स्ट्रीट जर्नल' ने इस चर्चा से जुड़े लोगों के हवाले से बताया है कि यह प्रस्तावित बैठक चीन के शेनझेन में 18-19 नवंबर को होने वाले एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपीईसी) शिखर सम्मेलन के दौरान हो सकती है। इस प्रस्ताव को हालांकि अभी तक श्री ट्रंप की मंजूरी नहीं मिली है।

क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने पुष्टि की है कि एक संभावित बैठक को लेकर बातचीत चल रही है लेकिन इसके स्वरूप या एजेंडे पर अभी तक कोई फैसला नहीं लिया गया है। श्री पेस्कोव ने कहा, "बैठक या इसके संभावित एजेंडे को लेकर अभी तक कोई स्पष्ट समझ नहीं बनी है, हालांकि तीनों पक्ष इस तरह की बैठक होने की संभावना को स्वीकार करते हैं।"रिपोर्ट के अनुसार पुतिन ने 9 अक्टूबर को श्री ट्रंप के साथ फोन पर बातचीत के दौरान यह विचार रखा था। इस बातचीत के परिणामस्वरूप रूस से अमेरिका को डीजल की आपूर्ति करने का समझौता हुआ, जिसके बाद श्री ट्रंप ने मॉस्को पर लगे प्रमुख प्रतिबंधों को हटाने का फैसला किया। यह प्रस्ताव ऐसे समय में सामने आया है जब इस संघर्ष को लेकर फिर से राजनयिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। यह संघर्ष अब अपने पांचवें साल में प्रवेश कर चुका है और लड़ाई को खत्म करने के तरीकों को लेकर वाशिंगटन और यूक्रेन की राजधानी कीव के बीच मतभेद बढ़ रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित