पौड़ी , सितंबर 16 -- उत्तराखंड के पौड़ी में मवेशियों में लम्पी बीमारी की रोकथाम और पशुपालकों को इसके प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से राजकीय पशु चिकित्सालय डडुवादेवी के अंतर्गत ग्राम पंचायत पुण्डोरी में बुधवार को जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।

शिविर की अध्यक्षता अपर निदेशक, गढ़वाल मंडल पशुपालन विभाग डॉ. भूपेंद्र जंगपांगी ने की।

शिविर में डॉ. जंगपांगी ने पशुपालकों को लम्पी स्किन डिजीज (एलएसडी) के प्रमुख लक्षणों, उपचार और बचाव के प्रभावी उपायों की जानकारी दी। विशेषज्ञों ने कहा कि पशुओं में बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल पशु चिकित्सक से संपर्क करना संक्रमण की रोकथाम की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। पशुपालकों को पशुओं की स्वच्छता, आवश्यक सावधानियों तथा संक्रमण से बचाव के उपायों के साथ पशुपालन विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।

शिविर के दौरान 22 पशुपालक लाभान्वित हुए जबकि 40 पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया गया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान हिम्मत सिंह रावत, पशु चिकित्साधिकारी डॉ. सीमांत नौटियाल, पशुधन प्रसार अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत सहित पशुपालन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित