पुणे , अप्रैल 29 -- महाराष्ट्र के पुणे में देहू रोड पर बुधवार को कुछ अज्ञात हमलावरों ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या कर दी।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक मृतक की पहचान रमेश रेड्डी के रूप में हुई है, जो पार्टी के एक सक्रिय कार्यकर्ता थे। हमलावरों ने कथित रूप से उन पर नौ राउंड गोलियां चलायी। एक गोली उनके सिर में लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत इलाज के लिए देहू रोड स्थित आधार अस्पताल ले जाया गया , जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू होने से पहले ही उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना से इलाके में दहशत और तनाव फैल गया। रेड्डी की मौत की सूचना मिलते ही उनके रिश्तेदार और समर्थक अस्पताल में जमा हो गए और उन्होंने अपना दुख एवं आक्रोश जाहिर किया। विरोध प्रदर्शन करते हुए उन्होंने पुराने पुणे-मुंबई हाईवे को जाम करने की कोशिश की तथा हमलावरों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने का प्रयास कर रही है। इलाके में तनाव को और बढ़ने से रोकने के लिए सुरक्षा बढ़ा दी गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित