पुणे , जून 07 -- महाराष्ट्र पुलिस ने रविवार तड़के पुणे के बाहरी इलाके तुलापुर में छापा मारा और गैर-कानूनी तरीके से पार्टी कर रहे तथा प्रतिबंधित ड्रग्स और नशीले पदार्थों का सेवन कर रहे 156 लोगों को हिरासत में ले लिया।
इस कार्रवाई के दौरान, पुलिस ने शराब का स्टॉक, प्रतिबंधित हुक्का फ्लेवर और गांजा ज़ब्त किया। ज़ब्त की गई चीज़ों की कुल कीमत लगभग 85 लाख रुपये आंकी गयी है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में कानूनी कार्रवाई चल रही है।
पुलिस उपायुक्त (अपराध शाखा ) गौहर हसन के अनुसार, पुलिस को लोनीकंद थाना के अधिकार क्षेत्र में आने वाले तुलापुर में एक अनधिकृत पार्टी के आयोजन की सूचना मिली थी। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए, 15 अधिकारियों और 65 पुलिसकर्मियों की एक टीम ने सात जून को तड़के लगभग 2:30 बजे छापा मारा।
पार्टी में कुल 156 लोग मौजूद थे, जिनमें 107 पुरुष और 49 महिलाएं शामिल थीं।
जांच के दौरान, पुलिस को पता चला कि कार्यक्रम के लिए लिया गया शराब का परमिट केवल छह जून को रात 11:30 बजे तक ही वैध था। हालाँकि, पार्टी तय समय के बाद भी जारी रही, जो नियमों का उल्लंघन था।
पुलिस ने मौके से तीन ग्राम गांजा ज़ब्त किया। उन्हें प्रतिबंधित हुक्का फ्लेवर की 10 किस्में भी मिलीं। आगे की जांच से पता चला कि ब्लेज़ एंटरटेनमेंट के अयमन शेख और स्टार लाइट एंटरटेनमेंट के यश चौधरी इस कार्यक्रम के मुख्य आयोजक थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित