पुणे , मार्च 18 -- महाराष्ट्र में पुणे की शिरूर तालुका के दहीवाड़ी गांव में गन्ने के एक खेत से 12 वर्षीय बच्चे का शव बरामद हुआ है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक तालेगांव ढमढेरे के राय कुमार गुजर विद्यालय में छठी कक्षा का छात्र साईराज हमेशा की तरह स्कूल से घर लौटने के बाद खेलने के लिए बाहर गया था। मंगलवार की शाम को उसका अर्धनग्न शव एक स्थानीय किसान के कुएं के पास पाया गया। प्राथमिक जांच में उसके सिर पर चोट के निशान मिले हैं।

गांव में तनाव बढ़ने का एक मुख्य कारण पिछली घटना के साथ इसकी डरावनी समानता है। इक्कीस जून, 2024 को इसी खेत में ठीक उसी स्थान पर 11 वर्षीय बालक यश गायकवाड़ का शव भी ऐसी ही परिस्थितियों में मिला था। उस समय तेंदुए के हमले की आशंका जताई गई थी, लेकिन कोई ठोस सबूत नहीं मिला था। एक ही स्थान पर एक और दुखद मृत्यु होने से ग्रामीणों में रोष और भय व्याप्त है, जो अब दोनों घटनाओं की गहन जांच की मांग कर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित