पुड्डुचेरी , जून 26 -- केंद्र शासित प्रदेश की समुद्री और वास्तुकला विरासत के प्रमुख प्रतीक, पुड्डुचेरी के नवीनीकृत 'ओल्ड लाइटहाउस' का उद्घाटन केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने किया है।

ऐतिहासिक लाइटहाउस परिसर में आयोजित समारोह में यह उद्घाटन कार्यक्रम संपन्न हुआ।

जीएसटी और केंद्रीय उत्पाद शुल्क आयुक्त कार्यालय, पुड्डुचेरी के स्वामित्व और रख-रखाव वाले इस ओल्ड लाइटहाउस का व्यापक जीर्णोद्धार और संरक्षण कार्य किया गया है। इसका उद्देश्य इसके ऐतिहासिक स्वरूप को सुरक्षित रखते हुए इसकी संरचनात्मक मजबूती और आगंतुकों के अनुभव को बेहतर बनाना है।

कल शाम आयोजित इस कार्यक्रम में पुड्डुचेरी के उप राज्यपाल के. कैलाशनाथन, मुख्यमंत्री एन. रंगासामी, विधायक, सांसद और अन्य अधिकारी शामिल हुए।

श्री कैलाशनाथन और श्री रंगासामी ने अपने संबोधन में पुड्डुचेरी के सांस्कृतिक और ऐतिहासिक मूल्यों में इस पुराने लाइटहाउस के ऐतिहासिकता की जानकारी दी।

श्रीमती सीतारमण ने पुड्डुचेरी में इस ऐतिहासिक ओल्ड लाइटहाउस के जीर्णोद्धार की सराहना की और इसे विकास को अपनाते हुए विरासत को संजोने का आदर्श उदाहरण बताया। उन्होंने इस लगभग दो शताब्दी पुरानी संरचना को पूरी निष्ठा के साथ संरक्षित करने और इसे एक जीवंत सार्वजनिक स्थल में बदलने के लिए सीबीआईसी, सीपीडब्ल्यूडी और इनटेक के प्रयासों की प्रशंसा की।केंद्रीय मंत्री ने पुड्डुचेरी की समृद्ध समुद्री और सांस्कृतिक विरासत का जिक्र कर कहा कि नवीनीकृत लाइटहाउस से पर्यटन बढ़ेगा और इतिहास के साथ जनता का जुड़ाव मजबूत होगा। उन्होंने युवा कलाकारों को प्रदर्शनी के लिए स्थान प्रदान करने की पहल की भी सराहना की, जो विरासत संरक्षण को भावी पीढ़ियों के अवसरों से जोड़ती है। पुड्डुचेरी के इतिहास में ओल्ड लाइटहाउस का विशेष स्थान है। फ्रांसीसी औपनिवेशिक काल के दौरान 1836 में इसका निर्माण किया गया था और इसने लगभग 143 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।

ओल्ड लाइटहाउस पुड्डुचेरी की वास्तुकला विरासत का सबसे प्रतिष्ठित ऐतिहासिक स्थल बना हुआ है। हालिया जीर्णोद्धार परियोजना ने इस स्मारक की कई मूल विशेषताओं को बहाल किया है और आने वाली पीढ़ियों के लिए इसका संरक्षण सुनिश्चित किया है।

नवीनीकृत लाइटहाउस का उद्घाटन पुड्डुचेरी की विरासत संपत्तियों के संरक्षण में महत्वपूर्ण कदम है। यह केंद्र शासित प्रदेश की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत की रक्षा और उसे बढ़ावा देने के प्रति जीएसटी और केंद्रीय उत्पाद शुल्क आयुक्त कार्यालय, पुडुचेरी की प्रतिबद्धता को दोहराता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित