चेन्नई , जुलाई 03 -- पुड्डुचेरी न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत ने तमिलनाडु के वित्त मंत्री मैरी विल्सन को 2022 में मारपीट मामले में शनिवार को अदालत में हाजिर होने का निर्देश दिया।
अदालत ने शुक्रवार को उन्हें निर्देश दिया कि वह कल अनिवार्य रूप से अदालत के सामने पेश होकर इस मामले में चार्जशीट की प्रतियां प्राप्त करें।
श्री विल्सन ने हाल ही में तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में टीवीके उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था और चेनई के आर के नगर निर्वाचन क्षेत्र से जीत दर्ज कर राज्य के वित्त मंत्री बने।
यह मामला 2022 का है, जब उनके खिलाफ एक शिकायत दर्ज की गयी थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि श्री विल्सन ने पुड्डुचेरी के लॉस्पेट इलाके के एझिल नगर में रहने वाले अपने भाई मैरी क्लाउड के घर में ज़बरदस्ती घुसने की कोशिश की थी। शिकायत में कहा गया कि व्यापार की रंजिश के कारण श्री विल्सन और अन्य लोग उनके घर में घुस गये, लकड़ी के लट्ठों से अपने भाई और उनकी पत्नी के साथ मारपीट की और उन्हें आपराधिक धमकी दी।
शिकायत के आधार पर, लॉस्पेट पुलिस ने श्री विल्सन के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित आईपीसी की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज किया।
पिछली सुनवाई के दौरान अदालत में पेश न होने को गंभीरता से लेते हुए मजिस्ट्रेट ने श्री विल्सन को सख्त निर्देश दिया कि वह चार जुलाई को हर हाल में अदालत के समक्ष पेश हों।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित