पुड्डुचेरी , मार्च 30 -- केंद्र शासित प्रदेश पुड्डुचेरी में आगामी नौ अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए चुनाव प्रचार अपने चरम पर है, जहां राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन अप्रैल को यहां पहुंचेंगे। श्री मोदी के अलावा भी पार्टी के कई दिग्गज नेता इस हफ्ते यहां अपने दल या गठबंधन के पक्ष में प्रचार करने के लिए आने वाले हैं।
भाजपा सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री यहां अजंता सिग्नल जंक्शन से अन्ना स्क्वायर तक विशाल रोड शो करेंगे।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह छह अप्रैल को यहां का दौरा करेंगे। वह मन्नाडिपेट निर्वाचन क्षेत्र के तिरुक्कनूर में एक जनसभा को संबोधित करेंगे, जहां से भाजपा उम्मीदवार और राज्य के गृह मंत्री ए नमशिवायम चुनाव लड़ रहे हैं।
इस बीच 'तमिलगा वेत्री कड़गम' (टीवीके) अध्यक्ष और अभिनेता विजय ने पांच अप्रैल को यहां पूरे दिन के कार्यक्रम के लिए पुलिस से अनुमति मांगी है।पुड्डुचेरी में इस बार चतुष्कोणीय (फोर-कॉर्नर) मुकाबला देखने को मिल रहा है। चुनावी मैदान में सत्तारूढ़ राजग (एआईएनआरसी-भाजपा, अन्नाद्रमुक और लोजपा गठबंधन), विपक्षी इंडिया गठबंधन (कांग्रेस-द्रमुक), टीवीके और नाम तमिलर काची आमने-सामने हैं।
इंडी गठबंधन में कांग्रेस उम्मीदवार पांच द्रमुक और एक वीसीके उम्मीदवार के खिलाफ ही चुनाव लड़ रहे हैं, जिससे गठबंधन के भीतर भ्रम की स्थिति पैदा हो गयी है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) ने उन्हें नामांकन वापस लेने की सलाह दी थी, लेकिन उम्मीदवारों ने ऐसा नहीं किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित