पुड्डुचेरी , मई 04 -- पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव की मतगणना में अब तक के प्राप्त नतीजों और रूझानों के मद्देनजर ऑल इंडिया एन. आर. कांग्रेस (एआईएनआरसी) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने बहुमत का जादुई आंकड़ा पार कर लिया है।
गौरतलब है कि केन्द्रशासित प्रदेश की कुल 30 सीटों में से सरकार बनाने के लिए किसी पार्टी या उसके नेतृत्व वाले गठबंधन को कम से कम 16 सीटें जीतकर बहुमत प्राप्त करना आवश्यक है। जिसमें एआईएनआरसी के नेतृत्व वाला गठबंधन इस मुकाम को आसानी से हासिल कर रहा है।
चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक केन्द्र शासित प्रदेश की विधानसभा की 30 सीटों के नतीजे एवं रूझान घोषित किये गये हैं। जिसमें से एआईएनआरसी जहां नौ सीटों पर जीत हासिल कर चुकी है वहीं दो सीट पर बढ़त बनाये हुये है। उसकी सहयोगी भारतीय जनता पार्टी दो सीटें जीतने के साथ दो सीटों पर आगे चल रही है। अन्नाद्रमुक के खाते में एक सीट और एलजेके एक सीट पर बढ़त बनाये हुये हैं।
चुनावी आंकड़ों के मुताबिक राजग ने 12 सीटों पर जीत हासिल की है और पांच और सीटों पर आगे चल रही है। इसके साथ ही वह बहुमत के 16 सीट के जादुई आंकड़े को पार कर 17 पर पहुंच जायेगा। इसके बाद कांग्रेस के नेतृत्व वाले इंडिया गठबंधन ने दो सीटें जीती हैं और चार सीटों पर आगे चल रही है। अभिनेता से नेता बने सी. जोसेफ विजय की तमिलगा वेट्री कड़गम (टीवीके) के नेतृत्व वाले गठबंधन ने एक सीट जीती है और दो सीटों पर आगे चल रही है अन्य चार सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार विजय घोषित किये गये।
थट्टनचावड़ी विधानसभा सीट से एआईएनआरसी उम्मीदवार एवं मुख्यमंत्री एन. रंगास्वामी विजयी हुये है। श्री रंगास्वामी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी नेयम मक्कल कषगम (एनएमके) के ई विनयागम को 4441 मतों के अंतर से हराया।
गौरतलब है कि पुडुचेरी विधानसभा की सभी 30 सीटों के लिए नौ अप्रैल को एकल चरण में मतदान हुआ था। मतगणना आज सुबह आठ बजे से शुरू हुयी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित