पुडुचेरी , मई 04 -- पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव में ऑल इंडिया एन.आर. कांग्रेस (एआईएनआरसी) ने नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने बहुमत हासिल करके अपनी सत्ता बरकरार रखी है।
चुनाव आयोग से प्राप्त नतीजों में एआईएनआरसी के नेतृत्व वाले राजग ने 16 सीट के बहुमत का जादुई आंकड़ा पार कर लिया है।
गौरतलब है कि केन्द्रशासित प्रदेश की कुल 30 सीटों में से सरकार बनाने के लिए किसी पार्टी या उसके नेतृत्व वाले गठबंधन को कम से कम 16 सीटें जीतकर बहुमत प्राप्त करना आवश्यक है। एआईएनआरसी के नेतृत्व वाले गठबंधन ने दूसरी बार इस मुकाम को आसानी से हासिल कर लिया है।
आयोग के आंकड़ों के अनुसार एआईएनआरसी ने 12 सीटों पर विजय हासिल की है और उसके गठबंधन सहयोगी भारतीय जनता पार्टी ने चार, अन्नाद्रमुक और एलजेके ने एक-एक सीट पर जीत हासिल की है।
कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन ने छह सीटें जीती हैं जिसमें कांग्रेस ने एक और द्रमुक पांच सीटों पर विजयी हुयी है। तमिलनाडु में भारी जीत हासिल करने वाली सी. जोसेफ विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कषगम (टीवीके) के नेतृत्व वाले गठबंधन ने दो सीट जीती है। एनवाईएमके ने एक सीट और तीन निर्दलीय उम्मीदवार ने भी चुनाव में जीत हासिल की है।
थट्टनचावड़ी विधानसभा सीट से एआईएनआरसी उम्मीदवार एवं मुख्यमंत्री एन. रंगास्वामी विजयी हुये है। श्री रंगास्वामी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी नेयम मक्कल कषगम (एनएमके) के ई विनयागम को 4441 मतों के अंतर से हराया।
गौरतलब है कि पुडुचेरी विधानसभा की सभी 30 सीटों के लिए नौ अप्रैल को एकल चरण में मतदान हुआ था। मतगणना का कार्य सोमवार को पूरा हो गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित