पुडुचेरी , मार्च 23 -- पुडुचेरी में 9 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सत्तारूढ़ ऑल इंडिया एन.आर. कांग्रेस (एआईएनआरसी) ने बड़ा फैसला लेते हुए अपने दो मौजूदा मंत्रियों को टिकट नहीं दिया है।
मुख्यमंत्री एन. रंगासामी के नेतृत्व वाली सरकार में लोक निर्माण विभाग मंत्री के. लक्ष्मीनारायणन और कृषि मंत्री थेनी जयकुमार को इस बार चुनाव मैदान में नहीं उतारा गया है।
सूत्रों के अनुसार, लक्ष्मीनारायणन की राजभवन सीट एनडीए गठबंधन में भारतीय जनता पार्टी को दे दी गई है।
दूसरी ओर श्री जयकुमार की मंगालम सीट से श्री रंगासामी चुनाव लड़ेंगे। वह अपनी मौजूदा सीट थट्टांचावडी से भी मैदान में हैं। मंगालम क्षेत्र में समर्थकों के साथ बैठक के दौरान श्री जयकुमार ने बताया कि उन्होंने स्वास्थ्य कारणों से इस बार चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि पिछले साल हुए एक हादसे के बाद उनकी तबीयत ठीक नहीं है और घर-घर जाकर प्रचार करना उनके लिए मुश्किल होगा।
श्री जयकुमार ने यह भी कहा कि पिछले पांच वर्षों में क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का विकास किया गया और किसानों को हर संभव सहायता दी गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित