पुडुचेरी , मार्च 20 -- पुडुचेरी में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले सीट बंटवारे को लेकर सत्तारूढ़ अखिल भारतीय एन.आर. कांग्रेस और भाजपा के बीच खींचतान बढ़ती नजर आ रही है। नामांकन की आखिरी तारीख से ठीक पहले गठबंधन पर संकट के संकेत मिल रहे हैं।
इसी बीच भाजपा के पूर्व मंत्री साईं सरवण कुमार और केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया के बीच तीखी बहस हो गई। श्री मंडाविया पुडुचेरी में भाजपा के चुनाव प्रभारी भी हैं।
विवाद की जड़ ओसुडु (एससी) सीट को लेकर है। चर्चा थी कि इस बार श्री साई सरवण कुमार को यहां से टिकट नहीं मिलेगा। गौरतलब है कि वे पिछले चुनाव में इसी सीट से जीतकर मंत्री बने थे, लेकिन पिछले साल जुलाई में उन्हें मंत्रिमंडल से हटा दिया गया था और उनकी जगह श्री जॉन कुमार को शामिल किया गया।
बताया जा रहा है कि श्री थीपैनजन को इस बार इस सीट से उम्मीदवार बनाए जाने की संभावना है, जिससे श्री साई सरवण कुमार नाराज हो गए हैं।
नाराज साई सरवण कुमार अपने समर्थकों और पत्नी के साथ उस होटल पहुंचे, जहां श्री मनसुख मंडाविया ठहरे हुए थे और एन.आर. कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे पर बातचीत चल रही थी। तनाव बढ़ने पर होटल कर्मचारियों ने दरवाजे बंद कर दिए और पुलिस को सूचना दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित