पुडुचेरी , मार्च 24 -- केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में नाै अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए दाखिल किए गए नामांकन पत्रों की जांच मंगलवार को शुरू हो गई।
चुनाव आयोग ने बताया कि केंद्र शासित प्रदेश की कुल 30 विधानसभा सीटों के लिए 442 उम्मीदवारों ने कुल 514 नामांकन दाखिल किए थे। आज की जांच के दौरान उन नामांकनों को खारिज कर दिया जाएगा जो नियमों के अनुरूप नहीं पाए जाएंगे।
पुडुचेरी में इन चुनावों में मुख्य रूप से त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिलेगा। इसमें मुख्यमंत्री एन. रंगासामी के नेतृत्व वाला सत्तारूढ़ एआईएनआरसी-नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग), विपक्षी कांग्रेस-द्रमुक 'इंडिया' गठबंधन और अभिनेता से नेता बने विजय की नई पार्टी 'तमिलगा वेत्री कड़गम' (टीवीके) शामिल हैं। श्री विजय की पार्टी पहली बार अपनी चुनावी किस्मत आजमा रही है।
चूंकि दो प्रमुख मोर्चों के बीच सीटों के बंटवारे का मुद्दा सुलझने में देरी हुई थी, इसलिए प्रमुख दलों के उम्मीदवारों ने सोमवार की समय-सीमा समाप्त होने से पहले सभी 30 सीटों पर अपने नामांकन दाखिल कर दिए थे। अब जबकि सीटों के बंटवारे पर समझौता हो गया है, सहयोगियों को आवंटित निर्वाचन क्षेत्रों में पर्चा दाखिल करने वाले उम्मीदवार 26 मार्च को अपना नाम वापस ले लेंगे। नाम वापसी की अंतिम तिथि के बाद ही चुनाव मैदान में कुल उम्मीदवारों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
सीटों के बंटवारे के समझौते के अनुसार, कुल 30 सीटों में से एआईएनआरसी 16 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और शेष 14 सीटें अपनी सहयोगी भाजपा को दी गयी हैं। भाजपा ने इनमें से दो-दो सीटें राजग के अन्य सहयोगियों-अन्नाद्रमुक और लॉटरी कारोबारी सैंटियागो मार्टिन के बेटे जोस चार्ल्स मार्टिन के नेतृत्व वाली नवनिर्मित 'लक्ष्य जननायक पार्टी' (एलजेके) को दी हैं।
विपक्षी गठबंधन में कांग्रेस, जिसका इस केंद्र शासित प्रदेश में काफी प्रभाव रहा है, 16 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और शेष 14 सीटें द्रमुक को दी गई हैं। द्रमुक ने बदले में अपने सहयोगियों-भाकपा और वीसीके को एक-एक सीट दी है।
टीवीके, जिसने अपनी पहली चुनावी पारी में सभी 30 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की थी, ने अंतिम समय में निर्दलीय विधायक जी. नेहरू की पार्टी 'नेय्यम मक्कल कषगम' (एनएमके) के साथ गठबंधन किया है और उसे दो सीटें दी हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित