पुडुचेरी , मार्च 01 -- पुडुचेरी के मुख्यमंत्री एन. रंगासामी ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी को राज्य का दर्जा देने की लंबे समय से लंबित जन मांग पूरी करने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री ने उस कार्यक्रम में पुडुचेरी को राज्य का दर्जा देने के प्रस्ताव पर विचार करने का अनुरोध किया जिसमें प्रधानमंत्री ने लगभग 2,700 करोड़ रुपये की विभिन्न बुनियादी ढांचा एवं विकास परियोजनाओं का शुभारंभ और शिलान्यास किया।

श्री रंगासामी ने कहा कि इस संबंध में प्रादेशिक विधानसभा में प्रस्ताव पारित कर 13 बार केंद्र सरकार को अनुमोदन के लिए भेजा गया है। हालांकि, अब तक इस पर कोई निर्णय नहीं लिया गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री से इस मांग पर सकारात्मक विचार कर पुडुचेरी को राज्य का दर्जा प्रदान करने की अपील की।

उल्लेखनीय है कि श्री रंगासामी अखिल भारतीय एन.आर. कांग्रेस भाजपा गठबंधन की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) सरकार का नेतृत्व कर रहे हैं। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि "डबल इंजन" सरकार के कारण पुडुचेरी में सुशासन और विकास को बढ़ावा मिला है। प्रधानमंत्री ने कहा कि यदि केंद्र और प्रादेशिक सरकार एक समान दृष्टि और समर्पण के साथ कार्य करती रहीं, तो पुडुचेरी और अधिक प्रगति करेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित