रामनगर,23फरवरी(वार्ता) उत्तराखंड में पर्यटन नगरी रामनगर के ग्राम पुछड़ी क्षेत्र में स्थित डम्पिंग जोन में नगर पालिका परिषद द्वारा आसपास के 7-8 गांवों का कूड़ा डलवाना बंद किए जाने से क्षेत्र में स्वच्छता संकट गहराता जा रहा है।
कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था ठप होने के कारण गांवों की सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा इधर-उधर पड़ा हुआ है, जिससे चारों ओर गंदगी और दुर्गंध फैल रही है,इस गंभीर समस्या को लेकर रामनगर ब्लॉक प्रमुख मंजू नेगी और ज्येष्ठ उप प्रमुख संजय नेगी के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने एसडीएम तथा नगर पालिका ईओ को ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की मांग की,ज्ञापन में बताया गया कि लंबे समय से पुछड़ी स्थित डम्पिंग जोन में कूड़ा वाहनों के माध्यम से आसपास के गांवों का कूड़ा डाला जाता था, लेकिन पिछले कुछ दिनों से नगर पालिका प्रशासन ने कूड़ा डालने पर रोक लगा दी है।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि कूड़ा निस्तारण बंद होने से ग्राम शक्तिनगर पुछड़ी समेत कई गांवों में गंदगी का अंबार लग गया है और कूड़े से उठ रही बदबू के कारण लोगों का जीना दूभर हो गया है। साथ ही उन्होंने आशंका जताई कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो क्षेत्र में संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित