श्रीगंगानगर , मार्च 24 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर के कोतवाली थाना क्षेत्र में महाराजा गंगासिंह स्टेडियम के पीछे देवनगर में रेलवे ट्रैक से कुछ दूर एक युवती मंगलवार की दोपहर घायल हालत में मिली।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आपातकाल सेवा 108 की एंबुलेंस से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया। उसके हाथ पैर पर चोटे लगी हुई थीं। मूल रूप से बिहार की निवासी कुसुम नामक इस युवती ने अस्पताल में इलाज के दौरान स्टाफ को बताया कि उसे चलती ट्रेन से उसके ही देवर ने धक्का दे दिया था।

सूत्रों ने बताया कि अस्पताल से इस प्रकार की जानकारी आने पर जीआरपी पुलिस ने जाकर कुसुम से पूछताछ की, लेकिन फिलहाल उसके बयान के आधार पर कोई मामला दर्ज नहीं किया गया था। पूछताछ करने पर पता चला कि कुसुम को उसका देवर और ससुर अंबाला (हरियाणा) छोड़ने जा रहे थे, जहां कुसुम के मां-बाप रहते हैं। कुसुम ने ही ससुराल में न रहने और मां-बाप के पास जाने की इच्छा व्यक्त की थी।

देवर और ससुर ने बताया कि वे आज सुबह सवेरे सूरतगढ़ से रेलगाड़ी द्वारा श्रीगंगानगर आए थे। यहां से ट्रेन बदलकर उन्होंने अंबाला जाना था लेकिन श्रीगंगानगर रेलवे स्टेशन पर कुसुम बिना बताए कहीं चली गई। उन्होंने उसे इधर-उधर काफी तलाश किया लेकिन जब वह नहीं मिली तो वे वापस सूरतगढ़ चले गए।

पुलिस ने बताया कि अम्बाला से कुसुम के माता-पिता आ रहे हैं। उनके आने के बाद और कुसुम की हालत में सुधार होने पर इस पूरे घटनाक्रम की तस्वीर साफ हो पाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित