नयी दिल्ली , अगस्त 19 -- पीवी सिंधु और आयुष शेट्टी बुधवार को अपने-अपने मुकाबले जीतकर बैडमिंटन वर्ल्ड चैंपियनशिप के राउंड ऑफ़ 16 में पहुंच गए जबकि लक्ष्य सेन और उन्नति हुड्डा का सफर समाप्त हो गया।

सिंधु ने कनाडा की वेन यू झांग को 21-16, 21-17 से हराया जबकि आयुष शेट्टी ने श्रीलंका के डुमिंडू अबेविक्रमा के खिलाफ़ 21-8 ,21-10 से जीत हासिल की।

इस बीच पहले राउंड में ऑस्ट्रिया के कॉलिन्स वेलेंटाइन फिलिमोन के खिलाफ मुश्किल से बचने के बाद, लक्ष्य सेन को अमेरिका के वर्ल्ड नंबर 92 गैरेट टैन ने हरा दिया। टैन, जो पहले जूनियर वर्ल्ड नंबर 1 और ऑल इंग्लैंड जूनियर चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज़ मेडलिस्ट रह चुके हैं, ने 73 मिनट तक चले रोमांचक मुकाबले में 19-21, 21-19, 21-17 से उलटफेर भरी जीत हासिल की। उन्नति हुड्डा को दूसरे राउंड में कनाड़ा की मिशेल ली ने 21-11, 9-21, 21-23 सेहराया।

पुरुष युगल में हरिहरन अम्साकरुणन और एमआर अर्जुन की जोड़ी साउथ कोरिया की जोड़ी से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई है। उधर स्कॉटलैंड की पुरुष डबल्स जोड़ी एलेक्जेंडर डन और एडम प्रिंगल ने डन के दाहिने टखने की चोट के कारण चैंपियनशिप से अपना नाम वापस ले लिया है जिससे राउंड ऑफ़ 32 में उनके प्रतिद्वंद्वी, पांचवीं वरीयता प्राप्त भारत के सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को राउंड ऑफ़ 16 में वॉकओवर मिल गया है।

मिक्स्ड डबल्स में ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो की भारतीय जोड़ी ने राउंड ऑफ 32 के मुकाबले में मकाऊ के लेओंग इओक चोंग और एनजी वेंग ची को 21-11, 21-11 से हराया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित