रामगढ़ , जुलाई 31 -- झारखंड में पतरातू विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (पीवीयूएनएल) की सामुदायिक विकास (सीडी) पहल के तहत संचालित चार माह के आवासीय ट्रांसफॉर्मर रिपेयर एवं मेंटेनेंस प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन समारोह जमशेदपुर स्थित जेएनटीवीटीआई में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पीवीयूएनएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) अशोक कुमार सहगल ने सफल प्रशिक्षुओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए पीवीयूएनएल परियोजना क्षेत्र के आसपास के गांवों से 20 युवाओं का चयन किया गया था। चार माह तक चले आवासीय प्रशिक्षण के दौरान सभी प्रशिक्षुओं को पीवीयूएनएल की ओर से प्रतिमाह 9,000 रुपये का स्टाइपेंड भी प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के सफल समापन पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में सीईओ अशोक कुमार सहगल ने प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने पर बधाई देते हुए कहा कि अर्जित तकनीकी ज्ञान एवं कौशल का उपयोग समर्पण, अनुशासन और ईमानदारी के साथ करें। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ राज्य के विद्युत क्षेत्र को भी दक्ष मानव संसाधन प्रदान करेगा।

उन्होंने बताया कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम झारखंड सरकार के उस विजन को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके तहत विद्युत वितरण एवं आपूर्ति क्षेत्र में कुशल मानव संसाधन उपलब्ध कराते हुए कौशल अंतराल को कम किया जा सके। उन्होंने कहा कि पीवीयूएनएल भविष्य में भी राज्य के समग्र विकास एवं युवाओं के कौशल संवर्धन के लिए ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों का संचालन करता रहेगा।

समारोह में टाटा स्टील की चीफ लर्निंग एंड डेवलपमेंट एवं चीफ डाइवर्सिटी ऑफिसर जया सिंह पांडा, जेएनटीवीटीआई के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। वहीं पीवीयूएनएल की ओर से मानव संसाधन प्रमुख (एचओएचआर) ज़ियाउर रहमान, कोठामासु सुरेश, अमर दयाल सिंह तथा संतोष कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी भी समारोह में शामिल हुए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित