पीलीभीत , मार्च 29 -- पीलीभीत जिले में रविवार को न्याय न मिलने से आहत एक बुजुर्ग महिला सल्फास की पुड़िया लेकर कोतवाली पहुंच गई और आत्महत्या की धमकी दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महिला को समझाकर उसके हाथ से जहर छीन लिया और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। पूरनपुर कोतवाली पुलिस ने बताया कि थाना घुंघचाई क्षेत्र के ग्राम कढ़या कनपारा निवासी शांति देवी पत्नी रामपाल ने आरोप लगाया है कि गांव के कुछ लोग उन्हें लगातार प्रताड़ित कर गांव से बेदखल करने की साजिश रच रहे हैं। महिला के मुताबिक, 24 मार्च को बकरियां चराते समय गांव के चार लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की थी। इस मामले में पुलिस पहले ही मुकदमा दर्ज कर चुकी है, लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से वे लगातार धमकियां दे रहे हैं।
रविवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे शांति देवी सल्फास की पुड़िया लेकर पूरनपुर कोतवाली पहुंचीं और एसडीएम अजीत प्रताप सिंह को संबोधित शिकायती पत्र दिखाते हुए चेतावनी दी कि यदि न्याय नहीं मिला तो वह जहर खाकर आत्महत्या कर लेंगी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने महिला को समझाया और उनके हाथ से जहर छीन लिया। आश्वासन मिलने के बाद महिला शांत हो गईं।
पूरनपुर कोतवाल पवन कुमार पांडे ने बताया कि मामला घुंघचाई थाना क्षेत्र का है और शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित थाने को निर्देश दिए गए हैं। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित