पीलीभीत , अक्टूबर 13 -- उत्तर प्रदेश में पीलीभीत जिले के अमरिया क्षेत्र में सोमवार रात रामलीला कमेटी की बैठक में आय-व्यय के हिसाब एवं नई कमेटी गठन को लेकर हुये विवाद के दौरान पुरानी कमेटी के दो पदाधिकारियों की गोली मार कर हत्या कर दी गयी।
आरोप है कि कौशल गुप्ता व उसके साथियों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। दोनों आरोपितों को पुलिस ने पकड़ लिया। इसके बाद फायरिंग में दो अन्य लोग भी घायल हुए, उन्हें उपचार के लिए बरेली भेजा गया है। देर रात पुलिस एसपी सुकीर्ति माधव ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें रवाना कर दीं। घटना थाने से 500 मीटर दूरी पर हुई।
अमरिया कस्बा में प्रतिवर्ष रामलीला का मंचन होता है। पिछले वर्ष मेला कमेटी के पदाधिकारी रहे अमित गुप्ता ने सोमवार रात एक सदस्य के घर में बैठक बुलाई। उसमें पिछली इकाई के आय-व्यय का हिसाब एवं नई इकाई के गठन पर चर्चा शुरू हुई। पुलिस के अनुसार, कस्बा में रहने वाला कौशल गुप्ता इस बार मेला कमेटी का पदाधिकारी बनने की दावेदारी कर रहा था। उसने आय-व्यय के हिसाब पर सवाल उठाते हुए हंगामा कर दिया। अमित व उनके सहयोगी कुणाल गुप्ता आदि ने इस पर आपत्ति जताई। कहा कि पूरी कमेटी बैठी है, संयम से काम लें। प्रत्येक खर्च का हिसाब दिया जा रहा है, इस पर बेवजह हंगामा न करें।
इसी बात पर दोनों पक्षों में नोकझोंक होने लगी। आरोप है कि उसी दौरान कौशल गुप्ता व उसके साथियों ने फायरिंग कर दी। इसमें अमित गुप्ता व कुणाल के सीने में गोली लगी। उनकी मौके पर मौत हो गई। इसके बावजूद आरोपित नहीं रुके। फायरिंग में रोहित गुप्ता व मोहित गुप्ता भी घायल हो गए। फायरिंग व चीख पुकार सुनकर सड़क पर भगदड़ मच गई। अफरातफरी के बीच आरोपी वहां से भाग गए। क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि दोनों पक्ष व्यापारी हैं। मुख्य बाजार में उनकी दुकानें है।
घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने बताया कि कौशल गुप्ता व उसके साथियों पर दो लोगों की हत्या का आरोप लगाया गया है। पीड़ित पक्ष से तहरीर का इंतजार किया जा रहा, उसी आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। आरोपी कौशल गुप्ता व उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित