पीलीभीत , मई 16 -- उत्तर प्रदेश में पीलीभीत जिले के पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र में बहन की ससुराल में घरेलू विवाद सुलझाने गए एक युवक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना में मृतक की बहन भी घायल हुई है। पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि क्षेत्र के शेरपुर गांव के नवदिया मोहल्ले निवासी जीशान (28) शुक्रवार देर रात अपने पड़ोसी हबीब खान के घर गया था। जीशान की बहन की शादी हबीब के परिवार में हुई है और पिछले कुछ समय से दोनों पक्षों के बीच घरेलू विवाद चल रहा था।

बताया गया कि शुक्रवार रात भी कहासुनी होने पर जीशान अपनी बहन और उसके ससुराल पक्ष के बीच समझौता कराने पहुंचा था। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और ससुराल पक्ष के कई लोगों ने जीशान पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में जीशान गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसकी बहन नेहा को भी चोटें आईं।

परिजन घायल जीशान को उपचार के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन गजरौला के पास पहुंचते ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पूरनपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

पूरनपुर कोतवाली प्रभारी पवन पांडेय ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले में हसीब खान, मोहिद खान उर्फ बड़े, शबीब उर्फ छोटे, मोनिस और फैज को गिरफ्तार कर लिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित