पीलीभीत , अक्टूबर 15 -- पीलीभीत तहसील क्षेत्र के बनौसा गांव में 34 साल के किसान महेश ने फसल बर्बाद होने से परेशान होकर को जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली।

एसडीएम सदर श्रद्धा सिंह ने मीडिया को बताया उन्होंने मामले का संज्ञान लिया है और गुरुवार को जांच के लिए तहसीलदार को मौके पर भेजा है। एसडीएम के अनुसार परिजनों ने बताया कि बेमौसम बारिश से धान की फसल खराब हो गई थी। वहीं, आवारा पशुओं ने गन्ने की फसल को भी नष्ट कर दिया था। महेश के पास लगभग आधा एकड़ जमीन थी, जिस पर वह खेती करते थे।

फसल खराब होने और आर्थिक परेशानी के चलते महेश कुछ दिनों से तनाव में थे। बुधवार देर रात खेत से लौटने के बाद उन्होंने कमरे में जहर खा लिया। परिजन उन्हें जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के बड़े भाई देवेंद्र ने प्रशासन को बताया कि उनकी 15 बीघे जमीन पर आवारा पशुओं का आतंक रहता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित