पीलीभीत , अप्रैल 9 -- उत्तर प्रदेश में पीलीभीत जिले के सुनगढ़ी थाना क्षेत्र में गेल इंडिया के एक इंजीनियर ने प्रेमिका की शादी दूसरी जगह तय होने से आहत होकर जहर खाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस सूत्रों ने बताया कि बरेली जिले के योशलपुर निवासी दीपांशु (27) गेल इंडिया में इंजीनियर था और वर्तमान में दिल्ली में तैनात था। उसका पिछले पांच वर्षों से एक युवती से प्रेम संबंध था, जो पीलीभीत में सरकारी शिक्षक है। करीब छह माह पूर्व दोनों के बीच विवाद के बाद संबंध समाप्त हो गया था। इस बीच युवती की शादी अन्यत्र तय होने की जानकारी मिलने के बाद दीपांशु मानसिक रूप से परेशान रहने लगा। वह एक सप्ताह पहले घर से नौकरी पर जाने की बात कहकर निकला और पीलीभीत आकर छतरी चौराहा स्थित एक होटल में ठहर गया।
परिजनों के अनुसार वह चार दिनों तक युवती को मनाने का प्रयास करता रहा, लेकिन असफल रहने पर बुधवार रात उसने होटल के कमरे में जहरीला पदार्थ खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर उसने एक मित्र को फोन किया, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
सीएमएस रमाकांत सागर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में युवक द्वारा जहरीला पदार्थ सेवन किए जाने की पुष्टि हुई है। सुनगढ़ी थाना प्रभारी नरेश त्यागी ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फोरेंसिक टीम ने होटल के कमरे से साक्ष्य एकत्र किए हैं और मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित