पीलीभीत , अक्टूबर 03 -- पीलीभीत के बिलसंडा थाना क्षेत्र स्थित श्री सिद्ध लंगड़े बाबा आश्रम में जमीन के विवाद को लेकर महंत सत्यगिरि महाराज पानी से भरे गहरे गड्ढे में भू-समाधि लेने उतर गए। घटना की जानकारी पाकर बिलसंडा थानाध्यक्ष जगदीप मलिक मौके पर पहुंचे और महंत को बाहर निकालने के लिए खुद गड्ढे में उतर गए।

थानाध्यक्ष जगदीप मलिक ने शनिवार को पत्रकारों को बताया कि उन्होंने महंत से कहा कि उनकी मांग को अधिकारियों तक पहुंचाकर समाधान का प्रयास किया जाएगा। अधिकारियों से बातचीत की जाएगी और उनकी बात सुनी जाएगी। पुलिस के समझाने और भरोसा देने के बाद महंत शांत हुए। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उन्हें सुरक्षित गड्ढे से बाहर निकाल लिया।

दरअसल, महंत सत्यगिरि महाराज के आश्रम की जमीन को लेकर प्रशासन से विवाद चल रहा है। वह जमीन दोबारा आश्रम के नाम दर्ज कराने और आश्रम के जीर्णोद्धार की मांग कर रहे हैं। महंत का आरोप था कि प्रशासन उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दे रहा है। वह लगभग पिछले पांच महीने से भूख हड़ताल पर थे। शुक्रवार देर शाम महंत भू-समाधि लेने को पानी से भरे दलदल वाले गहरे गड्ढे में उतर गए। इसकी जानकारी मिलते ही बिलसंडा थानाध्यक्ष जगदीप मलिक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। महंत को बाहर निकालने के लिए वे खुद गड्ढे में उतर गए। उन्होंने मौके पर ही महंत से बातचीत की।

पुलिस महंत की मांग और आश्रम की जमीन से जुड़े विवाद की जानकारी जुटा रही है। उन्होंने महंत को अधिकारियों से बात कर उनकी मांग का समाधान कराने का आश्वासन देकर गड्ढे से सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित