पीलीभीत, अगस्त 1 -- उत्तर प्रदेश में पीलीभीत जिले के माधोटांडा थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग को घटना का संभावित कारण माना जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, घटना शुक्रवार देर रात करीब 2:20 बजे लोहरपुरी गांव में हुई। मृतक की पहचान उमाशंकर (42) के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की बेटी ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार शाम उसकी मां ममता कोल्ड ड्रिंक लेकर आई थी। उसने पहले स्वयं कोल्ड ड्रिंक पी और फिर उसे तथा उसके भाई को भी पीने के लिए कहा, लेकिन दोनों ने मना कर दिया। इसके बाद ममता छत पर गई, जहां उमाशंकर ने भी कोल्ड ड्रिंक पी। रात में खटपट की आवाज सुनकर जब वह और उसका भाई जागे तो मां घर में नहीं मिली। छत पर जाकर देखा तो पिता बिस्तर पर पड़े थे और उनके गले में साड़ी लिपटी हुई थी। जांच करने पर उनकी सांस नहीं चल रही थी।
ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस और स्थानीय लोगों ने आसपास तलाश शुरू की। करीब 300 मीटर दूर एक खेत में ममता छिपी हुई मिली, जहां से उसे हिरासत में लेकर पुलिस के सुपुर्द किया गया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, उमाशंकर वर्ष 2024 में रोजगार के सिलसिले में गुजरात गया था। बाद में वह अपनी पत्नी को भी अपने साथ ले गया, जहां ममता का पड़ोस में रहने वाले एक युवक से प्रेम संबंध हो गया। पुलिस इन दावों और अन्य तथ्यों का सत्यापन कर रही है।
परिजनों का आरोप है कि इसी विवाद के चलते दंपति के बीच अक्सर झगड़ा होता था। लगभग छह माह पहले उमाशंकर पत्नी को वापस पीलीभीत ले आया था। क्षेत्राधिकारी विधि भूषण ने बताया कि आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है तथा मामले के सभी तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है।
माधोटांडा थाना प्रभारी अशोक पाल ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच तथा पूछताछ में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि मामले की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित