पीलीभीत , मई 18 -- उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में नदी के अंदर ट्रैक्टर से स्टंट कर रील बना रहे एक युवक की डूबने से मौत हो गई। स्टंट के दौरान ट्रैक्टर पलट जाने से युवक उसके नीचे दबकर गहरे पानी में समा गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि दियोरिया कोतवाली क्षेत्र में जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर बीती देर शाम कामघाट पुल के पास देवहा नदी में बिलसंडा थाना क्षेत्र के मुड़िया बिलहरा गांव निवासी राजेश (28) ट्रैक्टर चला रहा था।दरअसल, राजेश ट्रैक्टर लेकर काम के सिलसिले में घुंघचिहाई जा रहा था। रास्ते में उसने ट्रैक्टर को देवहा नदी में उतार दिया और पानी के भीतर गोल-गोल घुमाकर स्टंट करने लगा। इसी दौरान वह कपड़े उतारकर नदी में कूद गया, जबकि ट्रैक्टर पानी में घूमता रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्टंट के दौरान ट्रैक्टर नदी में मौजूद मिट्टी के टीले से टकराकर पलट गया और राजेश उसके नीचे दब गया। देखते ही देखते ट्रैक्टर और युवक दोनों गहरे पानी में डूब गए। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो भी बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
घटना की सूचना मिलने पर दियोरिया कोतवाली प्रभारी गौतम सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। गोताखोरों और जेसीबी की मदद से युवक और ट्रैक्टर को बाहर निकाला गया। गंभीर हालत में राजेश को दियोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित