पीलीभीत , मार्च 12 -- पीलीभीत-टनकपुर रेल खंड पर गुरुवार सुबह डेमू ट्रेन की चपेट में आने से 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि बरेली सिटी से टनकपुर जा रही डेमू पैसेंजर ट्रेन पीलीभीत से रवाना हुई थी। इसी दौरान न्यूरिया कॉलोनी रेलवे क्रॉसिंग के पास पटरी पार कर रही बुजुर्ग महिला अचानक ट्रेन की चपेट में आ गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलने पर राजकीय रेलवे पुलिस तथा न्यूरिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। मृतका की पहचान मुल्लो देवी (75) निवासी मोहल्ला खेड़ा, न्यूरिया हुसैनपुर के रूप में हुई है।
थाना प्रभारी सुभाष मावी ने बताया कि रेलवे ट्रैक पर महिला के शव की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया। प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन की चपेट में आने का प्रतीत हो रहा है और पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार रेलवे क्रॉसिंग के पास अक्सर लोग पटरी पार करते हैं, जो बेहद जोखिम भरा होता है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे रेलवे ट्रैक पार करते समय सावधानी बरतें और अनधिकृत रास्तों का प्रयोग न करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित