पीलीभीत , अप्रैल 11 -- उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र में डॉ. भीमराव अंबेडकर की आपत्तिजनक एआई निर्मित तस्वीर सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जाने के विरोध में भीम आर्मी और अन्य संगठनों ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि शिकायत के अनुसार 'धर्मवीर कुमार' नामक युवक की इंस्टाग्राम आईडी से बाबा साहब की कथित विवादित तस्वीर साझा की गई। आरोप है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक का दुरुपयोग कर डॉ. अंबेडकर की छवि को विकृत रूप में प्रस्तुत किया गया। तस्वीर के सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद डॉ. अंबेडकर के अनुयायियों और दलित समाज के लोगों में आक्रोश फैल गया।

शनिवार पूर्वाह्न भीम आर्मी भारत एकता मिशन के नगर अध्यक्ष शुभम कुमार सागर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पूरनपुर कोतवाली पहुंचकर पुलिस को शिकायती पत्र सौंपा और आरोपी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की। संगठन ने आरोपी की गिरफ्तारी तथा आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।

पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव मिश्र ने बताया कि विभिन्न संगठनों की ओर से शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिक जांच शुरू कर दी गई है। सोशल मीडिया पोस्ट के तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं तथा संबंधित इंस्टाग्राम आईडी की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित