पीलीभीत , सितंबर 7 -- उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में लखनऊ रेलवे ट्रैक पर सोमवार दोपहर मैलानी से पीलीभीत आ रही 55360 डाउन पैसेंजर ट्रेन के सामने माला जंगल में अचानक एक विशाल पेड़ गिर गया। लोको पायलट की सतर्कता और सूझबूझ से इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को समय रहते रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
स्टेशन मास्टर पीलीभीत देवेंद्र कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि रेलवे ट्रैक पर गिरे पेड़ को हटाने का काम किया जा रहा है।
रेलवे सुरक्षा बल के उप निरीक्षक जावेद खान के अनुसार, पैसेंजर ट्रेन सडई रेलवे हाल्ट के आगे माला के घने जंगल से गुजर रही थी। इसी दौरान लोको पायलट की नजर रेलवे ट्रैक पर गिर रहे विशाल पेड़ पर पड़ी। खतरा भांपते हुए उन्होंने तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगाए और ट्रेन को पेड़ से कुछ दूरी पर रोक लिया।
ट्रेन रुकने के बाद लोको पायलट ने इंजन पर लगे पेंटोग्राफ को भी नीचे कर दिया। पेंटोग्राफ ओवरहेड बिजली लाइन से संपर्क कर इंजन को विद्युत आपूर्ति करता है। रेलवे कर्मियों के अनुसार, पेड़ के ओवरहेड बिजली लाइन पर गिरने की स्थिति में लाइन टूटकर ट्रेन पर गिर सकती थी, जिससे करंट फैलने और बड़ी दुर्घटना की आशंका थी।
जंगल के बीच अचानक ट्रेन रुकने से यात्रियों में कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई और कुछ यात्री ट्रेन से नीचे उतर आए। घटना के बाद रेलवे कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर ट्रैक से पेड़ हटाया और बिजली आपूर्ति सामान्य कराई। इसके बाद रेल यातायात सुचारु हो सका।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित