पीलीभीत , मार्च 03 -- उत्तर प्रदेश में पीलीभीत जिले के गजरौला थाना क्षेत्र में पीलीभीत-पूरनपुर नेशनल हाईवे पर मंगलवार तड़के चार ट्रकों की आपस में टक्कर हो गई। हादसे में एक श्रमिक की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। गजरौला थानाध्यक्ष ब्रजवीर सिंह ने बताया कि घटना सुबह करीब चार बजे जरा चौकी के पास स्थित एक पेट्रोल पंप के समीप हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हाईवे पर खड़े तीन ट्रकों में चौथा ट्रक पीछे से जा घुसा, जिससे भीषण टक्कर हो गई।
हादसे में गजरौला कला निवासी 45 वर्षीय सोमपाल भूसे की गाड़ी पर मजदूरी के लिए घर से निकले थे, ट्रकों की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में राजेंद्र सहित पांच अन्य लोग घायल हुए हैं। सूचना मिलते ही जरा पुलिस चौकी इंचार्ज सौरभ धामा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए भेजा तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भिजवा दिया।
पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाकर यातायात बहाल कराया और वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित