पीलीभीत , जुलाई 11 -- उत्तर प्रदेश में पीलीभीत जिले के पूरनपुर क्षेत्र में चलते ट्रक में आग लगने से चालक की जिंदा जल कर मृत्यु हो गयी।
पुलिस ने बताया कि शुक्रवार मध्य रात्रि करीब 12 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 730 पर यह हादसा बड़ी नहर और धन्ना गुरुद्वारे के बीच हुआ। ट्रक प्लास्टिक के टुकड़ों से भरा होने के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया और चालक को बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला। दमकल के जवानो ने घंटों प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। ट्रक के केबिन से चालक का जला शव हुआ बरामद किया गया जिसकी पहचान रामपुर के बिलासपुर निवासी और ट्रक मालिक बलविंदर सिंह (50) के रूप में हुई।
पूरनपुर कोतवाली पुलिस ने बताया कि जांच में पता चला कि मृतक ट्रक के मालिक थे और स्वयं ही वाहन चलाते थे। शुक्रवार को वह ट्रक में प्लास्टिक का सामान भरकर नेपाल बॉर्डर की ओर डिलीवरी के लिए निकले थे। रास्ते में अचानक ट्रक में आग कैसे लगी, इसकी जानकारी अभी नहीं लग पाई है। पुलिस जले ट्रक को कब्जे में लेकर आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट समेत सभी संभावित कारणों को जांच के दायरे में रखा गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित