पीलीभीत , जून 28 -- उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में कपड़ा कारोबारी पप्पू गुप्ता हत्याकांड का मुख्य आरोपी और 1.75 लाख रुपये का इनामी बदमाश शिवम उर्फ सर्वजीत शनिवार देर रात पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। मुठभेड़ के दौरान बदमाश की गोली लगने से एसओजी के एक उपनिरीक्षक और एक सिपाही घायल हो गए, जबकि एक अन्य गोली बिलसंडा थाना प्रभारी की बुलेटप्रूफ जैकेट में लगी। बदमाश का एक साथी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया।

पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव मिश्रा ने बताया कि शनिवार रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि शिवम अपने एक साथी के साथ शीतलपुर गांव के पास मौजूद है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की। पुलिस को देखकर दोनों बदमाश पल्सर मोटरसाइकिल से जंगल की ओर भागने लगे। घिर जाने पर शिवम ने पुलिस पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके सीने में दो गोलियां लगीं। गंभीर रूप से घायल शिवम को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

एसपी ने बताया कि शिवम के कब्जे से एक .32 बोर की सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल, एक .315 बोर का देशी तमंचा तथा बड़ी संख्या में कारतूस बरामद किए गए हैं। उस पर पुलिस अधीक्षक स्तर से 25 हजार, डीआईजी स्तर से 50 हजार तथा एडीजी स्तर से एक लाख रुपये सहित कुल 1.75 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस के अनुसार 28 मई को बिलसंडा कस्बे में साइकिल कारोबारी पंकज कटियार को डराने-धमकाने के लिए आए बदमाशों से विवाद के दौरान पड़ोसी कपड़ा कारोबारी पप्पू गुप्ता बीच-बचाव करने पहुंचे थे। इसी दौरान शिवम ने गोली चला दी, जिससे पप्पू गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई थी।

जांच में सामने आया कि पंकज कटियार और उनकी पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा था। आरोप है कि पंकज के ससुर रमेश चंद्र ने दामाद को डराने के उद्देश्य से शिवम को 20 हजार रुपये की सुपारी दी थी। घटना के बाद पुलिस ने 24 घंटे के भीतर एक अन्य शूटर लकी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया था। उसकी निशानदेही और पूछताछ के आधार पर शिवम को भी मामले में नामजद किया गया था। तब से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।

पुलिस के अनुसार शिवम के खिलाफ पीलीभीत, लखीमपुर खीरी तथा आसपास के जिलों में दो हत्या सहित कुल 12 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। मुख्य आरोपी के मारे जाने पर मृतक पप्पू गुप्ता की पत्नी अनीता ने पुलिस और राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए शेष आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। वहीं पप्पू गुप्ता के पुत्र श्यामू गुप्ता ने भी पुलिस कार्रवाई की सराहना करते हुए मामले के अन्य आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की।

पुलिस का कहना है कि पप्पू गुप्ता हत्याकांड में शामिल कई आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित