पीलीभीत , जुलाई 7 -- उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में सोमवार रात से मंगलवार के बीच हुए तीन अलग-अलग सड़क हादसों में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। इनमें एक घायल की हालत गंभीर बताई गई है। एक हादसे में बाइक की टक्कर से एक गोवंश की भी मौत हो गई।

नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमेंद्र कुमार ने बताया कि पहली घटना में सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के गुटैया पिपरा गांव निवासी चचेरे-तहेरे भाई शिवकुमार (20) और शिवम कुमार (21) की मौत हो गई। दोनों सोमवार रात करीब नौ बजे बाइक से न्यूरिया थाना क्षेत्र के पिपरिया अगरु गांव में एक रिश्तेदार के यहां दावत में शामिल होने जा रहे थे। ज्ञान इंटरनेशनल स्कूल के सामने उनकी बाइक की सामने से आ रही तेज रफ्तार अज्ञात बाइक से टक्कर हो गई।

हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दूसरी बाइक पर सवार दो लोग भी घायल हुए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने शिवकुमार और शिवम को मृत घोषित कर दिया। पुलिस टक्कर मारने वाले वाहन और उसके चालक की तलाश कर रही है।

एक अन्य घटना में नगर कोतवाली क्षेत्र के चंदोई-मंझोला मार्ग पर सोमवार देर रात सड़क पर अचानक आए गोवंश से बाइक टकरा जाने पर सरताज (19) पुत्र शान्नू उर्फ सूफी की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसका साथी फरमान गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना में गोवंश की भी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार सरताज मूल रूप से उत्तराखंड के इस्लाम नगर गौटिया का निवासी था और वर्तमान में बरेली के इज्जतनगर क्षेत्र में रह रहा था। वह सोमवार को अपने मौसा जियाउद्दीन के घर चंदोई आया था और देर शाम साथी के साथ बाइक से निकला था। रात करीब 11 बजे अचानक गोवंश के सामने आ जाने से यह हादसा हुआ।

तीसरी घटना बरखेड़ा थाना क्षेत्र में हुई, जहां पतरसिया गांव निवासी चंदन रस्तोगी (27) की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि चंदन की रविवार को उत्तराखंड के सितारगंज में सगाई हुई थी और घर में विवाह की तैयारियां चल रही थीं। सोमवार रात वह टहलने के लिए घर से निकला था। पतरसिया बारातघर के सामने पीलीभीत-बीसलपुर मार्ग पर किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उसे टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया।

गंभीर रूप से घायल चंदन को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित