पीलीभीत , अप्रैल 18 -- उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के पूरनपुर में स्थित ट्रांस शारदा क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक मादा तेंदुए की नेहरू नगर से भुरजनिया जाने वाले मार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई।
पीलीभीत के वन्य जीव चिकित्सक डॉ दक्ष गंगवार ने 'यूनीवार्ता' को बताया कि दुर्घटना स्थल सम्पूर्णानगर वन रेंज में आता है। इसलिए जनपद खीरी के वन प्रभाग में शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। केवल राजस्व की दृष्टि से यदि देखा जाए तो दुर्घटना स्थल पीलीभीत जनपद में आता है। इसलिए खीरी के वन प्रभाग के अधिकारी शव का पोस्टमार्टम कराएंगे।
लखीमपुर खीरी के संपूर्णानगर के रेंजर ललित कुमार ने घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद तेंदुए के शव को कब्जे में ले लिया। रेंजर ललित कुमार ने मीडिया को बताया मृत मादा तेंदुए की उम्र लगभग 4 से 5 वर्ष है। प्रथम दृष्टया किसी वाहन की टक्कर से उसकी मृत्यु होना प्रतीत हो रहा है। मृत मादा तेंदुए के शरीर से काफी खून बह चुका था। शव रेंज कार्यालय ले जाया गया। वहां से पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। शनिवार को शव का पैनल से पोस्टमार्टम कराने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित