पीलीभीत , जुलाई 8 -- पीलीभीत के न्यूरिया थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात हुई मार्ग दुर्घटना में दो बाइक सवार युवकों की मौके पर मौत हो गई। कोई अज्ञात वाहन चालक उनकी बाइक को टक्कर मारने के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बुधवार सुबह दोनो के शव बरामद कर पोस्टमार्टम को भेज दिए है।

न्यूरिया थाना पुलिस की जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के ग्राम सड़ा निवासी रंजीत सोनकर (28) और अरविंद (25) मंगलवार रात किसी काम से न्यूरिया गए थे। देर रात वे दोनों बाइक पर सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। रास्ता सुनसान होने के कारण दुर्घटना के बाद दोनों काफी देर तक वहीं पड़े रहे। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। रात भर घर न पहुंचने पर परिजनों ने उनकी खोज की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

बुधवार सुबह लगभग आठ बजे राहगीरों ने सड़क के किनारे दोनों युवकों के शव और क्षतिग्रस्त बाइक पड़ी देखी। इसकी सूचना पर पहुंचे न्यूरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है और तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित