पीलीभीत , अक्टूबर 22 -- पीलीभीत टाइगर रिजर्व (पीटीआर) के प्रतिबंधित वन क्षेत्र में एक युवती के अपने साथी के साथ फिल्मी गानों पर डांस करने के दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं। पर्यटन सत्र शुरू होने से पहले सामने आए इन वीडियो ने वन क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
वन विभाग के अनुसार, वायरल वीडियो 27 और 28 सेकंड के हैं। इनमें युवती अपने साथी के साथ फिल्मी गानों पर डांस करती दिखाई दे रही है। उसका साथी कुर्सी पर बैठा है, जबकि युवती उसे भी अपने साथ डांस में शामिल करने का प्रयास करती नजर आ रही है। यह क्षेत्र बाघ और तेंदुए जैसे वन्यजीवों का प्राकृतिक आवास है।
वन्यजीवों की सुरक्षा के मद्देनजर जंगल में पर्यटकों की आवाजाही पर फिलहाल प्रतिबंध है। ऐसे में प्रतिबंधित क्षेत्र में इस तरह की गतिविधि का वीडियो सामने आने से वन विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
पीलीभीत टाइगर रिजर्व के प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) मनीष सिंह ने यूनीवार्ता को बताया कि वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आया है और इसकी जांच कराई जा रही है। वीडियो कहां का है तथा इसे कब और किन परिस्थितियों में बनाया गया, इसका पता लगाया जा रहा है। वीडियो में स्थान की स्पष्ट जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित