पीलीभीत , फरवरी 23 -- उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एडिट की गई तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा किए जाने के बाद पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जहानाबाद थाना पुलिस के अनुसार क्षेत्र के एक युवक ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर प्रधानमंत्री की छेड़छाड़ की गई तस्वीर पोस्ट की थी। मामले की जानकारी मिलने पर सक्रिय पुलिस प्रशासन के निर्देश पर सोमवार को रिपोर्ट दर्ज की गई।
उपनिरीक्षक ज्ञानचंद ने बताया कि सोशल मीडिया पर विवादित पोस्ट की सूचना मिलने के बाद जांच की गई जिसमें पाया गया कि विषेन गांव निवासी अरबाज नामक युवक ने अपनी इंस्टाग्राम आईडी से उक्त पोस्ट साझा की थी। पुलिस के अनुसार आरोपी ने प्रधानमंत्री की तस्वीर को संपादित कर मुस्लिम परिधान में दर्शाया था। पुलिस का कहना है कि इस प्रकार की पोस्ट से विभिन्न समुदायों के बीच वैमनस्य और शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका थी।
थानाध्यक्ष प्रदीप विश्नोई ने बताया कि उपनिरीक्षक की तहरीर के आधार पर आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक, आपत्तिजनक या भड़काऊ सामग्री साझा करने से बचें, ताकि कानून-व्यवस्था एवं सामाजिक सौहार्द बना रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित