श्रीगंगानगर , अक्टूबर 10 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के पीलीबंगा नगरपालिका में शनिवार को नेहरू धर्मशाला के पास स्थित महात्मा गांधी राजकीय अंग्रेजी माध्यम उच्च माध्यमिक विद्यालय को आखिरकार 38 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद निशुल्क पट्टा जारी कर दिया गया ।

नव-निर्वाचित नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद जोशी के प्रयासों से तैयार हुआ यह महत्वपूर्ण दस्तावेज पालिका कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रशासन को सुपुर्द किया गया।

उल्लेखनीय है कि 29 मई 1988 को राजस्थान के राज्यपाल ने विद्यालय के पक्ष में निशुल्क पट्टा जारी करने के आदेश दिये थे , हालांकि प्रशासनिक औपचारिकताओं और कई बाधाओं के चलते यह मामला दशकों तक अधर में लटका रहा। वर्ष 2023 में तत्कालीन पालिकाध्यक्ष सुखचैन रमाना एवं तत्कालीन उपखंड अधिकारी रणजीतकुमार द्वारा इस फाइल को पुनः खुलवाकर प्रक्रिया आगे बढ़ायी गयी थी। इस दौरान कई नगरपालिका अध्यक्ष बदले और कई तकनीकी अड़चनें आयी, जिसके कारण पट्टा जारी नहीं हो पा रहा था।

नव-निर्वाचित अध्यक्ष अरविंद जोशी की सक्रिय पहल और पालिका प्रशासन की तत्परता से आखिरकार यह लंबित कार्य पूरा हुआ। नगरपालिका कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व विधायक धर्मेंद्र मोची, पालिकाध्यक्ष अरविंद जोशी, उपाध्यक्ष प्रतिनिधि देवीलाल सीगड़, पार्षद संपतसिंह भाटी, गुलाब बंसल, पवन किरोड़ीवाल, सुनील सेन और नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी अमरकुमार की उपस्थिति में विद्यालय की प्रधानाचार्य सरोज को पट्टा सौंपा गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित