बैतूल , सितंबर 27 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सोयाबीन फसल में पीला मोजेक रोग फैलने और इससे किसानों को संभावित फसल नुकसान होने की सूचनाओं के बाद प्रशासन ने वास्तविक स्थिति की जांच कराने का निर्णय लिया है।

जिला कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे के निर्देश पर अपर कलेक्टर वंदना जाट ने संयुक्त निरीक्षण दल का गठन किया है। दल 28 सितंबर से प्रभावित क्षेत्रों का मैदानी निरीक्षण करेगा।

संयुक्त दल में कृषि विस्तार अधिकारी, कृषि वैज्ञानिक, राजस्व निरीक्षक, पटवारी और ग्राम सचिव को शामिल किया गया है। दल प्रभावित गांवों में मौके पर पहुंचकर सोयाबीन फसल में पीला मोजेक रोग की स्थिति, प्रभावित क्षेत्रफल और फसल को हुए संभावित नुकसान का ग्रामवार प्रारंभिक आंकलन करेगा।

निरीक्षण के दौरान किसानों से प्राप्त शिकायतों और फसल प्रभावित होने संबंधी सूचनाओं का स्थल पर सत्यापन किया जाएगा। इसके साथ ही फसल की वर्तमान स्थिति और संभावित क्षति का आकलन कर आवश्यक अभिलेख एवं पंचनामा तैयार किया जाएगा।

प्रशासन के अनुसार मैदानी निरीक्षण के बाद प्राप्त तथ्यों और आंकड़ों के आधार पर संयुक्त रिपोर्ट तैयार कर जिला कार्यालय में प्रस्तुत की जाएगी। इससे यह स्पष्ट करने में मदद मिलेगी कि किन गांवों में कितने क्षेत्र में सोयाबीन फसल पीला मोजेक रोग से प्रभावित है और किसानों को संभावित फसल नुकसान की स्थिति क्या है।

कृषि विभाग द्वारा रोग की रोकथाम के लिए आवश्यक कार्रवाई करने तथा प्रभावित किसानों को फसल प्रबंधन और बचाव के संबंध में तकनीकी सलाह उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित