भागलपुर, जनवरी 30 -- बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद ने भागलपुर जिले के पीरपैंती में प्रस्तावित अदानी पावर लिमिटेड की 2,400 मेगावाट की अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल थर्मल पावर परियोजना के लिए पर्यावरणीय जन-सुनवाई की मंजूरी दे दी।
आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को यहां बताया कि इस जन-सुनवाई में करीब तीन हजार ग्रामीणों ने हिस्सा लिया, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं। सभी लोगों ने सर्वसम्मति से जन - सुनवाई की मंजूरी का समर्थन किया। यह इस क्षेत्र में अब तक की सबसे बड़ी सार्वजनिक परामर्श प्रक्रिया रही और इसे कई पंचायतों से आए ग्रामीणों ने इलाके के आर्थिक विकास तथा रोजगार के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित अवसर बताया है।
सूत्रों ने बताया कि इतनी बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी यह बताती है कि स्थानीय समुदाय रोजगार, बुनियादी ढांचे, भरोसेमंद बिजली और पर्यावरण संरक्षण, सभी को लेकर कितने गंभीर और जागरूक है।
इधर अदानी पावर लिमिटेड के कुछ अधिकारियों ने बताया कि इस परियोजना में लगभग 27 हजार करोड़ रुपए का निवेश होगा, जो बिहार में निजी क्षेत्र के सबसे बड़े निवेशों में से एक है। प्लांट में अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल तकनीक का इस्तेमाल होगा, जिससे पारंपरिक बिजली प्लांट की तुलना में प्रति मेगावाट कम उत्सर्जन होगा।
परियोजना को ज़ीरो लिक्विड डिस्चार्ज के सिद्धांत पर विकसित किया जाएगा यानी सारा वेस्ट वाटरे परिसर के भीतर ही साफ किया जाएगा। इसके अलावा हर कटे पेड़ के बदले तीन पेड़ लगाए जाएंगे और एक समर्पित ग्रीन ज़ोन भी विकसित किया जाएगा।
अधिकारियों के अनुसार, निर्माण कार्य के आरंभ होने के दौरान 10,000 से 12,000 लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है। जबकि परियोजना के चालू होने के बाद लगभग 5,000 स्थायी रोजगार सृजित होंगे। साथ ही, कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) के तहत पहले ही कई काम शुरू किए जा चुके हैं, जिनमें कंबल वितरण और सार्वजनिक स्थानों पर सोलर लाइट की लगाना शामिल है।
इस मौके पर मौजूद राज्य सरकार के अधिकारियों ने पीरपैंती विधुत परियोजना को बिहार के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर बताते हुए कहा कि "राज्य में अब तक बड़े निजी औद्योगिक निवेश सीमित रहे हैं और यह परियोजना भागलपुर तथा आसपास के जिलों में सहायक उद्योगों और व्यापक आर्थिक गतिविधियों को गति दे सकती है।"इस परियोजना के चालू होने के बाद यह बिजली प्लांट, व्यापार और उद्योगों को सस्ती और भरोसेमंद बिजली उपलब्ध कराएगा। उन अधिकारियों ने कहा कि "विश्वसनीय बिजली किसी भी औद्योगिक विकास की रीढ़ होती है और यह परियोजना बिहार की दीर्घकालिक ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के साथ-साथ क्षेत्र में आजीविका और विकास के नए अवसर पैदा करेगी।" साल 2024 में अदाणी ग्रुप ने बिहार बिजनेस कनेक्ट में 30,000 करोड़ रुपये के मेगा इंवेस्टमेंट प्लान का ऐलान किया था, ये अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल थर्मल पावर परियोजना इसी निवेश का हिस्सा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित