रायपुर , अगस्त 31 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के अटारी गांव स्थित नंदनवन को करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से नए स्वरूप में विकसित किया जाएगा। प्रस्तावित परियोजना के तहत बॉटनिकल गार्डन का पुनर्विकास पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल पर किया जाएगा।

मंत्रालय महानदी भवन में सोमवार को आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अधिकारियों ने मुख्य सचिव विकासशील के समक्ष नंदनवन पुनर्विकास की प्रस्तावित परियोजना का प्रस्तुतिकरण दिया।

बैठक में बताया गया कि नंदनवन के कायाकल्प और विकास कार्यों पर करीब 50 करोड़ रुपये के निवेश का अनुमान है। परियोजना के तहत बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ बॉटनिकल गार्डन को नए सिरे से विकसित किया जाएगा। इसमें पर्यावरण संरक्षण को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी।

मुख्य सचिव विकासशील ने परियोजना की समीक्षा करते हुए नंदनवन को पर्यटकों के लिए अधिक आकर्षक बनाने तथा उनकी सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक जन-सुविधाएं विकसित करने के निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित