धार , मई 5 -- मध्यप्रदेश की औद्योगिक नगरी पीथमपुर में मंगलवार तड़के बोरिंग मशीन के साथ खड़ी सपोर्टिंग गाड़ी की चपेट में आने से तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई।पुलिस सूत्रों के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब छत्तीसगढ़ निवासी तीन मजदूर बोरिंग मशीन के साथ चलने वाली सपोर्टिंग एयर गाड़ी के नीचे सो रहे थे। इसी दौरान चालक ने बिना नीचे देखे वाहन को रिवर्स कर दिया, जिससे भारी वाहन के पहिए मजदूरों के ऊपर चढ़ गए और तीनों की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।

घटना गवला निवासी सुभाष चौहान और रुदन सिंह सोलंकी के खेत पर चल रहे बोरिंग कार्य के दौरान हुई। मजदूर दिनभर काम करने के बाद थकान के चलते वाहन के नीचे आराम कर रहे थे। हादसे में रामचरण (56), भानुप्रताप (19) और अरविंद (22) की मौत हुई है, जो छत्तीसगढ़ के निवासी बताए गए हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को जब्त कर लिया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को सूचना दे दी गई है। फरियादी रमेश इक्का की शिकायत पर मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित